मुंबई। टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियां हिना खान और रुबीना दिलैक एक बार फिर अपनी खास दोस्ती को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों हाल ही में अपने-अपने जीवनसाथियों के साथ डबल डेट पर नजर आईं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस उनकी शानदार बॉन्डिंग और स्टाइलिश अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रुबीना दिलैक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरों की एक सीरीज साझा करते हुए कैप्शन लिखा, “रविवार की दोपहर… डबल डेट पर।” इस पोस्ट ने फैंस का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया। वहीं, हिना खान ने भी पोस्ट पर मेल्टेड फेस इमोजी के साथ अपना प्यार जताया।
इन तस्वीरों में हिना खान अपने पति रॉकी जायसवाल के साथ नजर आ रही हैं, जबकि रुबीना दिलैक अपने पति अभिनव शुक्ला के साथ दिखाई दीं। चारों एक साथ मस्ती करते, बातचीत करते और कैमरे के सामने अलग-अलग स्टाइलिश पोज देते नजर आए।
तस्वीरों में एक खास फोटो भी है, जिसमें हिना खान और रुबीना दिलैक रनवे मॉडल्स की तरह ग्लैमरस पोज देती दिखाई दे रही हैं। वहीं, फोटोशूट की लोकेशन का खूबसूरत और सिनेमैटिक बैकग्राउंड तस्वीरों की आकर्षकता को और बढ़ा रहा है।
हिना खान और रुबीना दिलैक टीवी इंडस्ट्री के बड़े नाम हैं और दोनों की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। दोनों कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुकी हैं। ‘बिग बॉस 14’ के दौरान उनकी दोस्ती को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके अलावा वे हाल ही में ‘पति, पत्नी और पंगा’ जैसे शो में भी साथ नजर आई थीं।
