बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर की है। रविवार को दोनों बच्चे घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों बच्चे और एक महिला आ गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

