पहचान छिपाने शव को पेट्रोल डालकर जलाया, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले में प्रेम संबंध के विवाद में एक महिला की हत्या कर उसके शव को जलाकर पहचान छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। शव को देखकर उसके घसीटे जाने के निशान भी पाए गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फोटो व वीडियो साझा किए गए, जिसके बाद मृतका की पहचान जशपुर जिले की मंगरिता एक्का (60) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके साथ रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा (45) को फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों पिछले कुछ समय से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे, लेकिन महिला उसे किसी अन्य महिला से संबंध होने के शक में अक्सर विवाद करती थी। 17 जून को दोनों ने शराब पी और विवाद बढ़ने पर साड़ी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपाया और पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर उसे जला दिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।