मजदूर से लूटपाट: शराब के लिए मांगे पैसे, दो नशेड़ी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। चौकी खरसिया पुलिस ने मजदूर से मारपीट कर रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने मजदूरी कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इंकार करने पर मारपीट कर 1,000 रुपये छीन लिए। पीड़ित राजेश खण्डेल (27) ने 20 जून 2026 को चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 18 जून की रात करीब 8:30 बजे गोपी महका स्थित पैठू तालाब के पास लल्ला उर्फ ललित राठौर और चन्द्रशेखर खण्डेल ने उसे रोककर शराब के लिए रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर दोनों ने गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट करते हुए उसके पास रखी नकदी लूट ली।

शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 200-200 रुपये और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में लल्ला उर्फ ललित राठौर (32) निवासी गोपी महका और चन्द्रशेखर खण्डेल (31) निवासी रतन महका शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।