ट्रंप की सख्त चेतावनी: ईरान से डील नहीं हुई तो होर्मुज स्ट्रेट पर लगेगा टोल, बढ़ा वैश्विक तनाव

Follow Us

वॉशिंगटन। ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि, अगर तेहरान के साथ अंतिम समझौता नहीं हो पाता है तो अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगा सकता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि, यह शुल्क पश्चिम एशिया में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमेरिका की भूमिका के बदले लिया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, प्रस्तावित 60 दिनों के युद्धविराम के दौरान किसी तरह का टोल नहीं लगाया जाएगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय शांति और युद्धविराम को लेकर बातचीत की कोशिशें तेज हो गई हैं। दोनों देशों के बीच संभावित समझौते के लिए स्विट्जरलैंड में वार्ता की तैयारी चल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत में परमाणु समझौते, होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और क्षेत्रीय तनाव कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। कतर और पाकिस्तान इस प्रक्रिया में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं।

इस बीच, लेबनान में जारी संघर्ष और सीजफायर उल्लंघन के आरोपों ने हालात को और जटिल बना दिया है। ईरान ने इन्हीं घटनाओं का हवाला देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की बात कही थी। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में इस क्षेत्र को लेकर बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी असर डाल सकता है।