ईरान-अमेरिका वार्ता पर दुनिया की नजर: परमाणु समझौते और लेबनान संघर्ष पर बनेगी रणनीति

Follow Us

वॉशिंगटन/तेहरान। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच स्विट्जरलैंड में अहम बातचीत होने जा रही है। इस बैठक को क्षेत्रीय शांति और परमाणु समझौते के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता में शामिल होने के लिए स्विट्जरलैंड रवाना हो चुके हैं। वहीं, मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधि भी बातचीत में भाग लेंगे। ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ कर रहे हैं, जिसमें विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी शामिल हैं।

बैठक में परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय स्थिरता और लेबनान में जारी संघर्ष को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल 60 दिनों के रोडमैप, संभावित युद्धविराम और भविष्य के समझौते की दिशा में प्रगति पर बातचीत कर सकते हैं। लेबनान में जारी तनाव को लेकर भी वार्ता अहम होगी। ईरान का कहना है कि, किसी भी युद्धविराम में क्षेत्र के सभी मोर्चों पर संघर्ष रोकना जरूरी है। वहीं, इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता बनी हुई है। अमेरिका ने संकेत दिया है कि, वह परमाणु मुद्दे और क्षेत्रीय शांति दोनों पर ठोस प्रगति चाहता है। इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी तनाव जारी है। यदि तय समय में समाधान नहीं निकलता है तो हालात और जटिल हो सकते हैं।