खूंटी में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: तिलमी जंगल में मुठभेड़, पीएलएफआइ कमांडर घायल, आधा दर्जन उग्रवादी गिरफ्तार

Follow Us

रांची/खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के तिलमी जंगल में पुलिस और PLFI उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में संगठन का कुख्यात कमांडर श्रवण दास घायल हो गया, जबकि उसके दस्ते के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि, तिलमी जंगल में PLFI के सदस्य किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद जरियागढ़ और कर्रा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। जंगल में पहुंचते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक डायरी भी मिली है, जिसमें कथित तौर पर संगठन के नेटवर्क और संभावित गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं। श्रवण दास पर क्षेत्र में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, गोलीबारी और आगजनी जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस अब जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है और संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।