रायपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। राजधानी रायपुर पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से राहुल गांधी सीधे अभनपुर रवाना हुए, जहां कांग्रेस का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है।
इस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। वे संगठन की मजबूती, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही जिला स्तर पर चल रही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी भी लेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार दिए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की उनकी क्षमता बढ़ेगी। संगठन और नेतृत्व के बीच सीधा संवाद स्थापित करने पर भी जोर रहेगा।
AICC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शाम तक प्रशिक्षण शिविर में शामिल रहेंगे और जिला अध्यक्षों को संगठन प्रबंधन, फील्ड विजिट तथा जनसंपर्क अभियान से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। इसके बाद वे शाम 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके इस दौरे को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


