अंबिकापुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और मजबूत आत्मबल का आधार है। उन्होंने कहा कि, नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखता है और जीवन की चुनौतियों का सामना सकारात्मक सोच के साथ करने की शक्ति देता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी योगाभ्यास में हिस्सा लिया। योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता का भी प्रेरणादायी संदेश दिया।


