नीट सेंटर विवाद पर राहुल गांधी का एनटीआई पर हमला, बोले- ‘बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करें’

Follow Us

नई दिल्ली। नीट री-एग्जाम के सेंटर को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। नागपुर के एक छात्र को परीक्षा केंद्र अबू धाबी दिए जाने के मामले पर राहुल गांधी ने नाराजगी जताते हुए इसे छात्रों के साथ अन्याय बताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि, नागपुर का एक छात्र करीब एक महीने से दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड करने पर उसका सेंटर विदेश में अबू धाबी निकला। उन्होंने कहा कि, छात्र के पास न पासपोर्ट था और न ही अचानक विदेश जाने की व्यवस्था करने का समय। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि, ऐसी व्यवस्थाएं छात्रों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि, जिस सिस्टम में एक छात्र को उसके शहर में परीक्षा केंद्र नहीं मिल सकता और उसे विदेश भेज दिया जाता है, उस व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

मामले के सामने आने के बाद छात्र और उसके परिवार ने एनटीआई हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। एजेंसी ने शुरुआती जांच में तकनीकी गलती की संभावना जताई है और छात्र को नागपुर में नया परीक्षा केंद्र देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। एनटीआई ने बताया कि, शिकायत पर कार्रवाई जारी है और जल्द ही उम्मीदवार को संशोधित केंद्र की जानकारी दी जाएगी। नीट यूजी री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होना है। एजेंसी ने उम्मीदवारों को परीक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए अपने आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल के जरिए अपडेट भेजने की व्यवस्था भी शुरू की है।