मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 750 अंक तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी में भी लगभग 200 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर के शेयरों से आया, जहां बड़े दिग्गज शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली। आईटी कंपनियों में निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की। इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक जैसे प्रमुख शेयरों में 5 से 8 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते आईटी इंडेक्स सबसे ज्यादा प्रभावित रहा और पूरे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर पड़ गया।
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों का भी असर भारतीय बाजार पर दिखाई दिया। एशियाई बाजारों में जहां जापान और दक्षिण कोरिया के प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए, वहीं हांगकांग का बाजार दबाव में रहा। दूसरी ओर अमेरिकी शेयर बाजार पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए थे, लेकिन उसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर नहीं दिखा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली भी गिरावट की एक बड़ी वजह है। हाल के दिनों में विदेशी निवेशकों ने बड़े पैमाने पर शेयर बेचे हैं, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) खरीदारी के जरिए बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि, पिछले कारोबारी सत्र में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था, लेकिन आज की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
