लूला का ट्रंप को कड़ा संदेश: ‘ब्राजील का चुनाव हमारा फैसला, किसी बाहरी दखल की जरूरत नहीं’

Follow Us

ब्रासीलिया/वॉशिंगटन। अमेरिका और ब्राजील के बीच राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को साफ शब्दों में कहा है कि, उनके देश के चुनावी मामलों में हस्तक्षेप न करें। लूला ने कहा कि ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव पूरी तरह ब्राजील का आंतरिक मामला है और इसमें किसी दूसरे देश की दखलअंदाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। लूला ने ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि, अगर वह ब्राजील को केवल पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो और उनके परिवार के नजरिए से समझते हैं, तो वह असल ब्राजील को नहीं जानते। उन्होंने देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा करने की बात दोहराई।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने ब्राजील सरकार की न्यायिक कार्रवाई और बोल्सोनारो समर्थकों से जुड़े मामलों को लेकर सवाल उठाए थे। ट्रंप ने ब्राजील को “राजनीतिक रूप से खतरनाक” बताते हुए सरकार पर आरोप लगाए थे कि वह बोल्सोनारो परिवार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। माना जा रहा है कि, ट्रंप का इशारा सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो की ओर था, जो आगामी चुनाव में संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं। लूला के बयान से साफ है कि ब्राजील अपनी चुनावी प्रक्रिया में किसी भी विदेशी दबाव को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।