नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को हल्की कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 50 अंक गिरकर 77,100 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 20 अंकों की गिरावट के साथ 24,050 के आसपास कारोबार करता नजर आया। बाजार में गिरावट का सबसे ज्यादा असर IT और मीडिया सेक्टर के शेयरों पर देखने को मिला।
एशियाई बाजारों में भी आज मिलाजुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का Nikkei 225 भी मजबूत रहा। वहीं, हॉन्गकॉन्ग का Hang Seng Index दबाव में रहा और गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में कमजोरी रही। Dow Jones Industrial Average, Nasdaq Composite और S&P 500 तीनों में गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने करीब 1,530 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने खरीदारी जारी रखते हुए बाजार को सहारा दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेतों के कारण दबाव बना हुआ है, लेकिन घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी बाजार में स्थिरता बनाए रखने में मदद कर रही है।
