G7 समिट में मोदी-ट्रंप मुलाकात का दिलचस्प पल, अमेरिकी राष्ट्रपति की तारीफ पर मुस्कुराए प्रधानमंत्री

Follow Us

पेरिस/नई दिल्ली । फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 समिट के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक चर्चा में रही। दोनों नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर बातचीत की, जिसमें ओमान में भारतीय नाविकों की मौत का मामला भी शामिल था। बैठक के दौरान एक ऐसा पल आया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। बातचीत के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कुछ ऐसा कहा कि प्रधानमंत्री अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मुस्कुराते हुए नजर आए।

ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि, पीएम मोदी देखने में किसी फरिश्ते जैसे लगते हैं, लेकिन उनकी सादगी को कभी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि, मोदी बातचीत और व्यापारिक मामलों में बेहद मजबूत और सख्त रणनीतिकार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति की इस टिप्पणी पर पीएम मोदी हंस पड़े। दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब एक साल बाद हुई, ऐसे में इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग, व्यापार और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ समय में भारत और अमेरिका के रिश्तों में नई ऊर्जा आई है। दोनों देशों की टीमें लगातार मिलकर तय लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही हैं। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को बेहद मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच इससे बेहतर रिश्ता होना मुश्किल है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती और दोनों देशों के सहयोग की भी सराहना की।