महादेव ऐप चैट विवाद: वायरल स्क्रीनशॉट पर भड़के भूपेश बघेल, बोले- फर्जी कंटेंट फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

Follow Us

भिलाई। महादेव सट्टा ऐप मामले में वायरल हुए कथित चैट स्क्रीनशॉट को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के नाम से वायरल किए गए कथित मैसेज को लेकर कांग्रेस ने इसे फर्जी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मामले को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई-3 थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए वायरल सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो यूट्यूबर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर महादेव ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर और भूपेश बघेल के बीच बातचीत दिखाई गई थी। वायरल चैट में एक मैसेज को लेकर विवाद खड़ा हुआ, जिसके बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए।

भूपेश बघेल ने इस वायरल स्क्रीनशॉट को पूरी तरह फर्जी और फोटोशॉप से तैयार किया गया बताया। उन्होंने कहा कि, उनकी किसी भी तरह की ऐसी बातचीत नहीं हुई है और इस तरह की सामग्री लोगों को भ्रमित करने की कोशिश है। पूर्व सीएम ने कहा कि, फर्जी कंटेंट तैयार कर फैलाने वालों की जानकारी लीगल टीम को दे दी गई है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल स्क्रीनशॉट की सत्यता और इसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है।