राम मंदिर और काशी विश्वनाथ के दर्शन का सुनहरा मौका, IRCTC लेकर आया 9 दिन का खास टूर पैकेज

Follow Us

नई दिल्ली। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए IRCTC ने खास ‘काशी तीर्थ यात्रा’ पैकेज लॉन्च किया है। भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए यात्रियों को 8 रात और 9 दिन की धार्मिक यात्रा कराई जाएगी। यह यात्रा 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु गया, बोधगया, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, काल भैरव मंदिर और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा। वहीं अयोध्या में श्रीराम मंदिर तथा प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के दर्शन का अवसर मिलेगा।

यात्रा के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इकोनॉमी (स्लीपर क्लास) का किराया 16,900 रुपये, कंफर्ट (3rd AC) का 31,000 रुपये और सुपीरियर (2nd AC) का 43,500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। भारत गौरव योजना के तहत यात्रियों को विशेष छूट का लाभ भी मिलेगा। यह ट्रेन तिरुनेलवेली से रवाना होगी और विरुधुनगर, मदुरै, डिंडीगुल, त्रिची, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, तांबरम, चेन्नई एगमोर, गुडूर और विजयवाड़ा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन और यात्रा बीमा शामिल है। यह यात्रा एक ही ट्रिप में कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी।