ब्रेकिंग: छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप, डीएमएफ घोटाले की जांच को लेकर रायपुर समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक और बड़ी कार्रवाई से प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। मंगलवार सुबह ED की टीमों ने राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में एक साथ दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, ED ने प्रदेशभर में करीब 9 अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की है। इनमें रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद सहित कई जिले शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी की टीमें सुबह से ही संबंधित परिसरों में मौजूद हैं और दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। राजधानी रायपुर के वल्लभ नगर इलाके में कारोबारी शाश्वत लुणावत के ठिकाने पर भी ED की कार्रवाई जारी होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों की टीम यहां जरूरी दस्तावेजों और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है।

DMF फंड का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए किया जाता है। इस फंड के इस्तेमाल में कथित गड़बड़ियों को लेकर जांच एजेंसी पहले भी कई मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर ED की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े विस्तृत तथ्यों और संभावित खुलासों की जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी ठिकानों पर जांच प्रक्रिया जारी है।