आधी रात किसानों का फूटा गुस्सा! डीजल संकट से ठप हुई खेती, एनएच-30 पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन

Follow Us

कांकेर। जिले के माकड़ी चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मंगलवार देर रात किसानों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। डीजल की किल्लत और पेट्रोल पंपों द्वारा डिब्बे एवं जेरीकैन में डीजल देने से इनकार किए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में किसान हाईवे जाम कर धरने पर बैठ गए। रात करीब 12 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ।

किसानों का कहना है कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय पर उन्हें डीजल नहीं मिल पा रहा है। कई ट्रैक्टर खेतों में ही डीजल खत्म होने के कारण बंद पड़े हैं। किसानों के अनुसार खेतों से ट्रैक्टर को पेट्रोल पंप तक ले जाना संभव नहीं है, इसलिए वे डिब्बों या जेरीकैन में डीजल लेने पहुंचते हैं, लेकिन पंप संचालक डीजल देने से मना कर रहे हैं। इससे जुताई और अन्य कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन में मौजूद NSUI कार्यकर्ताओं ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि किसानों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि, यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसानों से बातचीत की कोशिश जारी है।