मैसूर के रेस्तरां-बार में भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत; सात लोग झुलसे

Follow Us

कर्नाटक। कर्नाटक के मैसूर शहर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब आरटी नगर क्षेत्र के दत्तागल्ली स्थित फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग कुछ ही मिनटों में पूरे रेस्तरां में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते धुएं ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और कई लोग अंदर फंस गए।

मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दार्जिलिंग निवासी साहिन (26) और नेपाल निवासी प्रकाश (24) के रूप में हुई है। दोनों रेस्तरां में कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण वे इमारत के भीतर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। मौके पर ही दोनों की जलकर मौत हो गई।

घटना के समय 25 से अधिक लोग थे मौजूद
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के समय रेस्तरां में 25 से अधिक लोग मौजूद थे। धुआं फैलने के बाद कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए। कुछ लोग धुएं से बचने के लिए ऊपरी मंजिल की ओर भागे, जबकि कुछ ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं।

राहत और बचाव अभियान
सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घना धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, जिसके कारण लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।