मुंबई। रेचल शेली ने फिल्म लगान की रिलीज़ के 25 साल पूरे होने पर भारतीय दर्शकों का आभार जताया है। फिल्म में एलिज़ाबेथ रसेल उर्फ ‘गोरी मेम’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपने अनुभव और यादें फैंस के साथ साझा कीं। रेचल ने कहा कि कभी उन्हें लगता है कि लगान की शूटिंग कल ही हुई थी, जबकि कभी ऐसा महसूस होता है जैसे यह किसी दूसरी ज़िंदगी की बात हो। उन्होंने बताया कि इतने वर्षों बाद भी यह फिल्म उनके दिल और ज़ेहन में खास जगह रखती है।
अभिनेत्री ने फिल्म की सफलता का श्रेय दर्शकों को देते हुए कहा कि कलाकार और क्रू फिल्म बनाते हैं, लेकिन दर्शकों का प्यार और समर्थन ही उसे अमर बनाता है। उन्होंने कहा कि लगान को वर्षों तक मिले प्रेम ने इसे एक सदाबहार क्लासिक बना दिया है। रेचल शेली ने यह भी कहा कि लगान उनकी निजी और पेशेवर ज़िंदगी का अहम हिस्सा बनी हुई है और इस फिल्म का प्रभाव आज भी उनके काम और सोच में दिखाई देता है। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन और आमिर खान के निर्माण में बनी लगान वर्ष 2001 में रिलीज़ हुई थी। 1893 के ब्रिटिश शासनकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म गांव के लोगों की संघर्ष और क्रिकेट के जरिए अन्याय के खिलाफ लड़ाई की कहानी बयां करती है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी सफलता मिली थी और इसे Academy Awards में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म श्रेणी के लिए नामांकन प्राप्त हुआ था।
