लंदन में दर्दनाक वारदात: 26 वर्षीय भारतीय युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Follow Us

लंदन। पश्चिमी लंदन के साउथहॉल इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 26 वर्षीय भारतीय मूल के युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात डॉर्मर्स वेल्स लेन और नॉर्थ रोड के जंक्शन के पास देर रात लगभग 12:30 बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मेट्रोपॉलिटन पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे, लेकिन गंभीर रूप से घायल गुरभेज सिंह को बचाया नहीं जा सका और उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 20 से 30 वर्ष की उम्र के सात संदिग्ध पुरुषों को गिरफ्तार किया था। हालांकि पूछताछ के बाद छह लोगों को बिना किसी कार्रवाई के रिहा कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को जमानत पर छोड़ दिया गया है और उसे आगे जांच में पेश होना होगा। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने इलाके के लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास सीसीटीवी फुटेज या घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।