मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी ने की सगाई, रोमांटिक प्रपोज़ल तस्वीरें हुईं वायरल

Follow Us

मुंबई। दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की बेटी दिशानी चक्रवर्ती ने अपने लॉन्ग-टाइम पार्टनर माइल्स मंटज़ारिस से सगाई कर ली है। दिशानी ने सोशल मीडिया पर रोमांटिक प्रपोज़ल की तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को नया मुकाम मिलने की जानकारी दी। शेयर की गई तस्वीरों में माइल्स एक घुटने पर बैठकर दिशानी को प्रपोज़ करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक तस्वीर में दिशानी अपनी सगाई की अंगूठी फ्लॉन्ट करती दिखीं, जबकि एक अन्य फोटो में कपल रोमांटिक अंदाज़ में नजर आया। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “06.12.2026… सबसे आसान ‘हमेशा के लिए’ जो मैंने कभी जाना है।”

दिशानी, मिथुन चक्रवर्ती और योगिता बाली की गोद ली हुई बेटी हैं। इस परिवार में उनके अलावा मिमोह, उश्मे और नमाशी चक्रवर्ती भी हैं। सगाई की खबर सामने आने के बाद फैंस और सेलेब्स उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं। अभिनेत्री सेलिना जेटली ने भी उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। वर्कफ्रंट की बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने मृगया से अभिनय की शुरुआत की थी और डिस्को डांसर, अग्निपथ, द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है।