वंदे भारत में सफर कर भावुक हुए सोनू सूद, भारतीय रेलवे के बदलाव की जमकर की तारीफ

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने हाल ही में वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा का अपना अनुभव साझा करते हुए भारतीय रेलवे की सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर रेलवे में आए सकारात्मक बदलावों को उजागर किया। वीडियो में सोनू सूद ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करना बेहद शानदार अनुभव रहा। उन्होंने ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और स्टाफ के विनम्र व्यवहार की प्रशंसा करते हुए इसे भारतीय रेलवे की प्रगति का प्रतीक बताया। अभिनेता ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह नागपुर से मुंबई अभिनेता बनने का सपना लेकर आए थे, तब रेल यात्राएं काफी कठिन हुआ करती थीं। उन्होंने बताया कि उस समय कई यात्री लंबी यात्रा के दौरान फर्श पर कागज बिछाकर सफर करते थे और सुविधाएं बेहद सीमित थीं।

सोनू सूद ने कहा कि आज भारतीय रेलवे में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल रहा है। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों की कार्यशैली और सहयोगी रवैये की भी सराहना की। वीडियो के अंत में उन्होंने भारतीय रेलवे की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि देश के विकास में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका है और भविष्य में भी ऐसे सुधार जारी रहने चाहिए। सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।