‘कॉकटेल 2’ प्रमोशन के दौरान बेकाबू हुई भीड़, शाहिद-कृति-रश्मिका को सुरक्षा घेरे में निकाला गया

Follow Us

मुंबई। फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के प्रमोशन के लिए पुणे पहुंचे शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन उस समय मुश्किल स्थिति में फंस गए, जब इवेंट में मौजूद फैंस की भीड़ बेकाबू हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तीनों कलाकारों को कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाते हुए देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्री-रिलीज़ म्यूज़िक फेस्टिवल में बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसक अपने पसंदीदा सितारों के साथ फोटो लेने और मिलने के लिए सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ गए। हालात बिगड़ने पर कलाकारों को तय समय से पहले ही इवेंट छोड़ना पड़ा।

वायरल वीडियो में कुछ लोग शाहिद कपूर तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए, जबकि कृति सेनन और रश्मिका मंदाना सुरक्षा कर्मियों के साथ सावधानीपूर्वक बाहर निकलती दिखाई दीं। हालांकि, घटना को लेकर अब तक आयोजकों या फिल्म की टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस बीच, मेकर्स ने ‘कॉकटेल 2’ की एडवांस बुकिंग शुरू होने की घोषणा कर दी है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2012 में आई सुपरहिट ‘कॉकटेल’ की स्पिरिचुअल सीक्वल मानी जा रही है। फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।