किरण खेर के जन्मदिन पर भावुक हुए अनुपम खेर, बोले- ‘मेरे जीवन में होने के लिए धन्यवाद’

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद किरण खेर आज अपना 73वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास अवसर पर उनके पति और दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर किरण खेर के साथ एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए उनके लिए प्यार भरा संदेश लिखा। पोस्ट में उन्होंने किरण की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। अपने संदेश में अनुपम ने दोनों के लंबे साथ को याद करते हुए लिखा कि वह किरण को पिछले 52 वर्षों से जानते हैं। उन्होंने बताया कि पहले वह उनके प्रशंसक थे, फिर दोनों अच्छे दोस्त बने और पिछले 41 वर्षों से पति-पत्नी के रूप में जीवन का सफर तय कर रहे हैं।

अनुपम ने लिखा कि उन्होंने किरण से केवल शब्दों के जरिए नहीं, बल्कि उनके जीवन जीने के तरीके से बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने किरण को अपनी सबसे बड़ी ताकत और सच्ची दोस्त बताते हुए उनके जीवन में होने के लिए धन्यवाद कहा। अनुपम और किरण खेर की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती है। हालांकि, दोनों का वैवाहिक सफर आसान नहीं रहा। अनुपम से मिलने से पहले किरण खेर की शादी व्यवसायी गौतम बेरी से हुई थी, जबकि अनुपम खेर की शादी अभिनेत्री मधुमालती कपूर से हुई थी। समय के साथ दोनों ने अपने-अपने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया और बाद में एक-दूसरे का साथ चुना। आखिरकार 26 अगस्त 1985 को अनुपम और किरण खेर ने विवाह कर लिया। तब से लेकर आज तक दोनों हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। अनुपम खेर की यह भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी किरण खेर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।