मुंबई। वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ बॉक्स ऑफिस पर दूसरे सप्ताह में पहुंचते ही धीमी पड़ती नजर आ रही है। नई फिल्मों की रिलीज और बढ़ते प्रतिस्पर्धी माहौल के बीच फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 8वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को करीब 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह फिल्म का अब तक का सबसे कम दैनिक कलेक्शन माना जा रहा है। इसके साथ ही फिल्म 8 दिनों में 40 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने के लिए संघर्ष करती दिखाई दे रही है।
फिल्म से शुरुआती दिनों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन दूसरे सप्ताह में इसका बॉक्स ऑफिस ग्राफ नीचे की ओर जाता नजर आ रहा है। वर्तमान में सिनेमाघरों में कई बड़ी हिंदी और साउथ भारतीय फिल्में दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई है। फिल्म की कहानी रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा पर आधारित है। इसमें वरुण धवन ने जस का किरदार निभाया है, जिसकी शादी बानी से होती है। रिश्ते में तनाव और तलाक की नौबत आने के बीच जस की जिंदगी में प्रीत की एंट्री होती है। कहानी में नया मोड़ तब आता है जब जस की पत्नी और उसकी नई पार्टनर दोनों गर्भवती हो जाती हैं, जिससे घटनाक्रम और जटिल हो जाता है।
