मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने चर्चित ‘रु.370 बिरयानी’ विवाद पर सफाई देते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान उनसे फैसले में चूक हुई और उन्हें स्थिति को बेहतर तरीके से संभालना चाहिए था।सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में प्रणित मोरे ने कहा कि उन्हें मिल रही आलोचना काफी हद तक जायज है। उन्होंने बताया कि क्राउड वर्क के दौरान एक दर्शक द्वारा कई आपत्तिजनक बातें कही गईं, लेकिन दर्शकों की हंसी और माहौल के कारण वह बहक गए और समय रहते उसे रोक नहीं सके।
कॉमेडियन ने माना कि वह उस व्यक्ति को रोक सकते थे और स्पष्ट रुख अपना सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि उनकी इस गलती से जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे वह दिल से माफी मांगते हैं। प्रणित ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ चल रही कानूनी प्रक्रियाओं में वह पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील करते हुए कहा कि यह विवाद उनके लिए एक बड़ी सीख साबित हुआ है और वह भविष्य में अपने कंटेंट और व्यवहार में सुधार करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दर्शकों को उनके काम में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
