बॉक्स ऑफिस पर वरुण धवन का जलवा: ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ टॉप 10 फिल्मों में शामिल, ‘इक्कीस’ को पछाड़ा

Follow Us

मुंबई। डेविड धवन के निर्देशन में बनी और वरुण धवन, मृणाल ठाकुर व पूजा हेगड़े स्टारर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का मुकाबला राम चरण की ‘पेद्दी’ और बॉबी देओल की ‘बंदर’ जैसी बड़ी फिल्मों से था। इस कड़े मुकाबले और टिकटों पर मिल रहे 50% डिस्काउंट ऑफर के बावजूद, फिल्म हर दिन करोड़ों में कमाई कर रही है। अब यह फिल्म वर्ष 2026 की आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले गुरुवार को भारत में 2.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल घरेलू बिजनेस 36.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

7.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने रविवार को शानदार उछाल के साथ 9 करोड़ रुपये बटोरे थे। कामकाजी दिनों में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर अपनी स्थिरता बनाए रखी। रिलीज के सातवें दिन इस फिल्म ने अगस्त्य नंदा की ‘इक्कीस’ (36.25 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ते हुए साल की टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में एंट्री मार ली है। अब वरुण धवन की इस फिल्म का अगला निशाना ‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ (38.36 करोड़ रुपये) के रिकॉर्ड को तोड़ना है। हालांकि, आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो 2’ और अनन्या पांडे की ‘चांद मेरा दिल’ जैसी फिल्मों के कारण सिनेमाघरों में पहले से ही काफी भीड़ है, और अब इसे ‘भारत भाग्य विधाता’ तथा ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसी नई रिलीज फिल्मों से भी कड़ी चुनौती मिलने वाली है।