मुंबई। मैंडॉक फिल्म्स और लव फिल्म्स की आगामी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। फिल्म के ट्रेलर की सफलता के बाद अब मेकर्स ने इसका नया गाना ‘वल्लाह’ रिलीज कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस गाने में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिगड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ जबरदस्त एनर्जी, डांस और मस्तीभरे अंदाज में नजर आ रही है। बयानी और हार्डी संधू की खूबसूरत आवाज में गाए गए इस ट्रैक को प्रीतम चक्रवर्ती ने संगीत दिया है, जबकि इसके शानदार बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। साथ ही, रोनी अजनाली और गिल मछराय ने इसमें एक बेहतरीन पंजाबी टच जोड़ा है, जिसके बीट्स सुनते ही लोग थिरकने पर मजबूर हो रहे हैं।
यह गाना दोस्ती, प्यार, कन्फ्यूजन और जिंदगी के हर खूबसूरत रंग को बखूबी सेलिब्रेट करता है। यह उन दोस्तों की कहानी बयां करता है जो वक्त के साथ परिवार बन जाते हैं। ‘वल्लाह’ में वही बेफिक्र, यंग और फुल-ऑन एनर्जी वाली वाइब है जो रोड ट्रिप, बीच वेकेशन या लेट नाइट ड्राइव के लिए इसे एक परफेक्ट बैकग्राउंड म्यूजिक बनाती है। फिल्म का क्रेज इस कदर है कि इसके गाने यूट्यूब और स्पॉटिफाई पर ट्रेंड कर रहे हैं। इस बज को और बढ़ाने के लिए मेकर्स मुंबई, नई दिल्ली और पुणे में एक भव्य म्यूजिक फेस्टिवल भी आयोजित कर रहे हैं। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी और दिनेश विजन व लव रंजन द्वारा प्रोड्यूस की गई यह धमाकेदार फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें संजय दत्त भी एक अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
