अमेरिका के हवाई हमलों के बाद ईरान का ‘मिशन बदलापुर’, कतर से जॉर्डन तक अमेरिकी ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

Follow Us

तेहरान/वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच का तनाव अब एक भीषण और घातक युद्ध में तब्दील हो चुका है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के बाद, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर इसे मार गिराने का आरोप लगाया। इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने मंगलवार देर रात ईरान के बंदर अब्बास, बुशहर और इस्फहान समेत 8 प्रमुख शहरों पर भीषण एयर स्ट्राइक कर उनके एयर डिफेंस और रडार साइट्स को तबाह कर दिया। अमेरिका के इस बड़े हमले के बाद भड़के ईरान ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में ‘मिशन बदलापुर’ शुरू कर दिया है।

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं। ईरान का दावा है कि उसने बहरीन में अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय और कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस को निशाना बनाया है। वहीं, जॉर्डन के एक एयरबेस पर लंबी दूरी की मिसाइलें दागकर F-35 लड़ाकू विमानों के हैंगर और कमांड सेंटर को नष्ट करने का दावा किया है। दूसरी ओर, जॉर्डन की सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 5 ईरानी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराने की बात कही है। इस भीषण गोलाबारी के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में एयर डिफेंस सिस्टम हाई अलर्ट पर हैं।