कवर्धा। कबीरधाम जिले में नशे के काले कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार सुबह एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में तड़के दबिश दी। इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया था और छापेमारी के दौरान पूरे परिसर की निगरानी के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे अपराधियों को भागने का मौका न मिले।

लंबे समय से पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि, अटल आवास संदिग्ध अपराधियों का ठिकाना बन चुका है, जहां से अनैतिक गतिविधियां और नशीले पदार्थों का नेटवर्क संचालित हो रहा है। इसी इनपुट के आधार पर जब पुलिस ने एक साथ दर्जनों मकानों को घेरा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान कई घरों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, अवैध शराब और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस की आहट पाकर कुछ संदिग्ध युवतियां मौके से भागने में कामयाब रहीं, जिनकी तलाश की जा रही है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाकर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, और जिले में अपराधियों के खिलाफ ऐसा कड़ा एक्शन आगे भी जारी रहेगा।

