नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार बढ़ने से देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के 10 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 6 से 11 जून के बीच केरल सहित पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। इस दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
उत्तर और मध्य भारत की बात करें तो राजस्थान में आज मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रह सकता है, जहां पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के वक्त 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान 35°C से 37°C के बीच रहेगा।
