कांकेर। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह के दौरान पुलिस जवानों ने शोक परेड प्रस्तुत कर शहीदों को सलामी दी। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए देशभर के 154 पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों के नामों का वाचन किया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नक्सल मोर्चे पर प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के अदम्य साहस एवं बलिदान को याद किया गया। उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर मौन श्रद्धांजलि दी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का होगा आगाज: 6 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी, सीएम साय करेंगे उद्घाटन
कार्यक्रम में अधिकारियों ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। साथ ही, उनके निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति को समर्पित है।


