नई दिल्ली। विदेशी निवेशकों (FIIs) की ताबड़तोड़ बिकवाली के बावजूद घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) के दम पर भारतीय शेयर बाजार आज मजबूत नजर आ रहा है। शुक्रवार, 5 जून को शुरुआती कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 150 अंकों (0.23%) की बढ़त के साथ 74,500 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 50 अंक (0.18%) उछलकर 23,450 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। आज के बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी मीडिया और आईटी (IT) सेक्टर्स के शेयरों में देखी जा रही है।
भारतीय बाजार में यह मजबूती तब दिख रही है जब वैश्विक स्तर पर मिले-जुले संकेत हैं। आज एशियाई बाजारों में भारी गिरावट का माहौल है; दक्षिण कोरिया का ‘कोस्पी’ 3.96% और जापान का ‘निक्केई’ 1.61% तक टूट चुका है। इसके विपरीत, अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को शानदार तेजी रही, जहां डाउ जोन्स 1.73% चढ़कर बंद हुआ। यही वजह है कि एशियाई मंदी का असर भारतीय बाजार पर हावी नहीं हो सका।

बाजार में लगातार विदेशी निवेशकों की तरफ से पैसा निकाला जा रहा है। पिछले 30 दिनों में FIIs ने बाजार से 71,681 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम निकाली है। बीते कल (गुरुवार) भी उन्होंने 4,447 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। लेकिन इसके जवाब में घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 4,360 करोड़ रुपये की चौतरफा खरीदारी करके मार्केट को क्रैश होने से बचा लिया। घरेलू निवेशकों की यह मजबूत भागीदारी ही आज बाजार को ऊपर ले जा रही है।
