डीके शिवकुमार आज शाम 4 बजे लेंगे सीएम पद की शपथ, सिद्धारमैया को दिल्ली में बड़ी कमान

Follow Us

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के संकटमोचक कहे जाने वाले डीके शिवकुमार आज शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शिवकुमार को 30 मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से ठीक पहले डीके शिवकुमार के साथ एक नई और संतुलित कैबिनेट की तस्वीर भी साफ हो गई है। शिवकुमार के साथ करीब 13 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिसमें जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, दलित समुदाय से आने वाले जी. परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा मंत्रिमंडल में लिंगायत समुदाय से एमबी पाटिल और ईश्वर खंड्रे, वोक्कालिगा से रामलिंगा रेड्डी, एसटी कोटे से सतीश जरकीहोली और ईसाई समुदाय से केजे जॉर्ज को जगह मिलना तय माना जा रहा है। युवा चेहरों में मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे और कृष्णा बायरेगौड़ा भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

अपनी ताजपोशी से पहले भावुक होते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि यह कोई सपना नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और समर्पण का नतीजा है। उन्होंने खुद को सिर्फ एक आम कांग्रेस कार्यकर्ता बताया जो हमेशा पार्टी के साथ खड़ा रहा। दूसरी तरफ, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी कांग्रेस आलाकमान ने बड़ी सौगात दी है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने सिद्धारमैया को कांग्रेस की सबसे शक्तिशाली नीति-निर्धारक इकाई, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का सदस्य नियुक्त कर दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।