एमएलसी चुनाव से पहले महायुति में ‘ऑल इज वेल’? बगावत की खबरों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की 17 सीटों पर 18 जून को होने वाले मतदान से पहले सूबे की सियासत गरमा गई है। सत्ताधारी ‘महायुति’ गठबंधन (BJP, शिंदे गुट और अजीत पवार की NCP) के बीच टिकट बंटवारे को लेकर मतभेद और बगावत की खबरें सामने आ रही थीं। हालांकि, गठबंधन ने अब डैमेज कंट्रोल की तैयारी कर ली है और लंबी बैठकों के बाद सीटों का फॉर्मूला भी तय कर लिया गया है। इस समझौते के तहत बीजेपी 11 सीटों पर, शिवसेना (शिंदे गुट) 4 सीटों पर और एनसीपी (अजीत पवार गुट) 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन में दरार की इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि महायुति पूरी तरह मजबूत और एकजुट है। देवेंद्र फडणवीस पहले ही सीट शेयरिंग का ढांचा साफ कर चुके हैं, इसलिए किसी भी तरह के भ्रम की गुंजाइश नहीं है। शिंदे ने दावा किया कि वे सभी 17 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और विपक्ष असल में उनकी इस एकजुटता को पचा नहीं पा रहा है, इसलिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं।

इस अंदरूनी कलह और मनमुटाव की खबरों पर पूरी तरह विराम लगाने के लिए महायुति के तीनों बड़े दल आज (3 जून) दोपहर 12 बजे एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। इसमें बीजेपी के रवींद्र चव्हाण, शिवसेना के उदय सामंत और एनसीपी के सुनील तटकरे मीडिया के सामने आकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। 18 जून को होने वाली यह चुनावी जंग महाराष्ट्र की भावी सियासत के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।