नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में अक्सर लोगों को एक आम समस्या का सामना करना पड़ता है। जब कोई व्यक्ति ठंडे एयर कंडीशनर (AC) वाले कमरे से अचानक बाहर तेज धूप और गर्मी में निकलता है, तो उसे चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना या बेचैनी जैसी स्थिति हो सकती है। यह समस्या खासकर दोपहर के समय अधिक देखने को मिलती है। आपको बता दें की इस विषय पर देहरादून के कैलाश अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. गोपाल जी शर्मा ने इसके पीछे के वैज्ञानिक कारणों को समझाया है। उनके अनुसार, यह समस्या शरीर के तापमान में अचानक बदलाव और ब्लड प्रेशर के संतुलन बिगड़ने के कारण होती है। वहीं डॉक्टर के अनुसार, जब हम लंबे समय तक AC में रहते हैं तो शरीर का तापमान नियंत्रित और ठंडा बना रहता है। ऐसे में शरीर की रक्त वाहिकाएं सामान्य स्थिति में रहती हैं। लेकिन जैसे ही व्यक्ति अचानक तेज गर्मी में बाहर निकलता है, शरीर को तुरंत तापमान को संतुलित करने के लिए तेजी से काम करना पड़ता है। इस स्थिति में शरीर की रक्त वाहिकाएं फैलने लगती हैं ताकि अधिक गर्मी को बाहर निकाला जा सके। इसी प्रक्रिया के कारण कई बार ब्लड प्रेशर अचानक गिर जाता है, जिससे दिमाग तक पर्याप्त मात्रा में खून नहीं पहुंच पाता और व्यक्ति को चक्कर आने लगते हैं।
डॉ. शर्मा के अनुसार, जिन लोगों को पहले से लो ब्लड प्रेशर, डिहाइड्रेशन या कमजोरी की समस्या होती है, उन्हें यह दिक्कत अधिक महसूस होती है। इसके अलावा, पानी की कमी, ज्यादा पसीना और लंबे समय तक धूप में रहना भी इस समस्या को बढ़ा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्थिति आमतौर पर कुछ मिनटों में ठीक हो जाती है, लेकिन कई बार यह गिरने या बेहोशी का कारण भी बन सकती है, इसलिए सावधानी जरूरी है। इससे बचाव के लिए डॉक्टर ने कुछ आसान उपाय भी बताए हैं। उन्होंने सलाह दी कि AC से सीधे तेज धूप में बाहर निकलने से पहले कुछ मिनट कमरे के सामान्य तापमान में खुद को एडजस्ट करें। अचानक तापमान बदलने से बचना चाहिए। इसके अलावा, गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे। बाहर निकलते समय हल्के और ढीले कपड़े पहनने चाहिए और सिर को धूप से बचाने के लिए टोपी या छाता का इस्तेमाल करना चाहिए।डॉक्टर ने यह भी कहा कि खाली पेट या बहुत देर तक भूखे रहने के बाद धूप में निकलना भी इस समस्या को बढ़ा सकता है, इसलिए समय पर हल्का भोजन करना जरूरी है। कुल मिलाकर, गर्मियों में AC से बाहर निकलते समय होने वाली चक्कर की समस्या शरीर के तापमान और ब्लड प्रेशर में अचानक बदलाव का परिणाम है, जिसे थोड़ी सावधानी और सही आदतों से आसानी से रोका जा सकता है।
