छत्तीसगढ़ में मौसम का ‘डबल वार’! कहीं 45°C की झुलसाती गर्मी, तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में मौसम ने इन दिनों दोहरा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। एक तरफ प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर दक्षिणी इलाकों में बारिश और तेज आंधी के संकेत मिल रहे हैं। नौतपा के दूसरे दिन तापमान ने कई शहरों में 44 से 45 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर लिया। मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्म शहर राजनांदगांव रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रायपुर और रायपुर में 44.5 डिग्री, जबकि दुर्ग में 44.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इधर, दक्षिण बस्तर के जिलों—सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव में मौसम करवट ले सकता है। यहां मेघगर्जन, बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी रायपुर में बुधवार को भी हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।