‘धीमा जहर है पीएम मोदी की रणनीति, तबाह हो रहा गरीब’: महंगाई पर मल्लिकार्जुन खड़गे का तीखा हमला

Follow Us

नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद तीखा हमला बोला है। पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी (CNG) के दामों में हुई 2 रुपये की ताजा बढ़ोतरी पर नाराजगी जताते हुए खड़गे ने केंद्र सरकार की नीतियों को ‘धीमा जहर’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि हर दिन थोड़ी-थोड़ी कीमतें बढ़ाकर मोदी सरकार देश के गरीबों और मध्यम वर्ग को पूरी तरह तबाह कर रही है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रोज-रोज दाम बढ़ाना प्रधानमंत्री मोदी की एक सोची-समझी रणनीति है। अगर हफ्तेभर में ही ईंधन और गैस की कीमतें 10-12 रुपये तक बढ़ जाती हैं, तो यह साफ है कि प्रधानमंत्री का ध्यान जनता की बुनियादी समस्याओं पर नहीं है और वे देश को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं। खड़गे ने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी हर मंच से दावा करते हैं कि वे जो कुछ भी कर रहे हैं देश के लिए कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि आज महंगाई और बेरोजगारी से आम लोग बेहाल हैं।

उन्होंने आगे कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण फैक्ट्रियां और छोटे उद्योग बंद हो रहे हैं, जिससे हर वर्ग के लोग इस सरकार से बेहद नाराज हैं। देश के भीतर युवाओं का भविष्य पेपर लीक की भेंट चढ़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इन गंभीर घरेलू मुद्दों को सुलझाने के बजाय एक पर्यटक की तरह सिर्फ विदेश दौरों में व्यस्त हैं। खड़गे ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आर्थिक मोर्चे पर सुधार नहीं किए गए, तो देश के हालात और भी बदतर हो जाएंगे।