यूक्रेन पर बड़े हमले की तैयारी में पुतिन! रूस ने अमेरिका से कहा- ‘कीव से अपने नागरिकों को तुरंत निकालो’

Follow Us

मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। खबर है कि रूस, यूक्रेन की राजधानी कीव समेत उसके मुख्य ‘कमांड सेंटरों’ (निर्णय लेने वाले केंद्रों) पर अब तक का सबसे बड़ा और व्यवस्थित हमला करने की तैयारी में है। इस सिलसिले में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को फोन कर सख्त चेतावनी दी है कि, अमेरिका अपने राजनयिकों और नागरिकों को जल्द से जल्द कीव से बाहर निकाल ले।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निर्देश पर यह फोन किया गया था। बातचीत के दौरान लावरोव ने अमेरिका पर अलास्का शिखर सम्मेलन में पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए समझौतों को विफल करने का आरोप भी लगाया। रूस ने साफ कहा है कि, नए हमलों में कीव स्थित ड्रोन निर्माण इकाइयों, सैन्य कमान चौकियों और प्रशासनिक भवनों को निशाना बनाया जाएगा। विदेशी नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि, वे इन जगहों से दूर रहें और तुरंत शहर छोड़ दें।

दूसरी तरफ, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस की इस धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह गंभीर चेतावनी याद दिलाती है कि, यह युद्ध कितना भयानक है और इसे तुरंत खत्म होना चाहिए। रुबियो ने स्पष्ट किया कि, खतरों के बावजूद अमेरिका इस युद्ध को समाप्त करने और मध्यस्थता के लिए हरसंभव प्रयास करने को तैयार है। बता दें कि, रूस ने हाल ही में कीव पर दर्जनों ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमले किए थे, जिसमें भारी तबाही हुई थी और 4 लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान रूस द्वारा परमाणु क्षमता से लैस ‘ओरेश्निक’ हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के बाद से ही महायुद्ध का खतरा और गहरा गया है।