मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड ब्यूटी जाह्नवी कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म के धमाकेदार ट्रेलर के बाद अब मेकर्स ने इसका एक बेहद एनर्जेटिक और क्रेजी डांस नंबर ‘हेल्लाल्लाल्लो’ रिलीज कर दिया है। इस गाने के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस झूम उठे हैं, क्योंकि इसमें राम चरण, जाह्नवी कपूर और श्रुति हासन का बेहद कातिलाना अंदाज देखने को मिल रहा है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस गाने का वीडियो शेयर करते हुए मजेदार अंदाज में लिखा, “अब हेलो को कहें अलविदा, अब से हर तरफ गूंजेगा सिर्फ ‘हेल्लाल्लाल्लो’।” ऑस्कर विजेता ए. आर. रहमान के जादुई संगीत से सजे इस हाई-एनर्जी ट्रैक ने रिलीज होते ही पूरे देश को थिरकने पर मजबूर कर दिया है। हाल ही में 23 मई को भोपाल में फिल्म का एक भव्य म्यूजिकल इवेंट भी रखा गया था, जहां फिल्म की पूरी स्टार कास्ट के साथ खुद ए. आर. रहमान भी मौजूद रहे।
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी ‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण एक क्रॉसओवर एथलीट के मुख्य किरदार में नजर आएंगे। गांव के मैदानों से लेकर इंटरनेशनल स्टेडियम तक के सफर को दिखाती इस फिल्म में शिवा राजकुमार, रवि किशन, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। आर. रथनावेलु की शानदार सिनेमैटोग्राफी वाली यह मेगा बजट फिल्म आगामी 4 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
