बिलासपुर। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित 27 खोली इलाके में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, इलाके में शाम के समय बिजली गुल थी। घर के सदस्य बाहर बैठे हुए थे, जबकि अंदर भगवान के पास पूजा का दीपक जल रहा था।

इसी दौरान दीपक से निकली चिंगारी ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और घर से ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह पूजा के दीपक को माना जा रहा है।
देखिए वीडियो-
