दंतैल हाथी का तांडव: ग्रामीण को पटक-पटककर मार डाला, कई गांवों में हाई अलर्ट

Follow Us

बलौदाबाजार। जिले में एक खूंखार दंतैल हाथी ने रविवार को जमकर आतंक मचाया। ग्राम दोंद में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जहरु राम नेताम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय साफ देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह दंतैल हाथी पिछले चार दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहा था। हाथी खेत-खलिहानों में घुसकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। रविवार को हाथी अचानक ग्राम दोंद पहुंच गया। इसी दौरान उसकी चपेट में आए जहरु राम नेताम को हाथी ने सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, हाथी मित्र दल और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ा गया। इसके बाद हाथी गांव के खलिहानों को पार करते हुए पास की पहाड़ी की ओर बढ़ गया। वन विभाग ने आशंका जताई है कि, हाथी आसपास के गांवों की ओर रुख कर सकता है। इसे देखते हुए मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी समेत कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात और सुबह अकेले बाहर न निकलने तथा हाथी के करीब न जाने की अपील की है।