‘मोदी महान इंसान, मैं उनका सबसे बड़ा फैन’: डोनाल्ड ट्रंप का एलान- भारत आंख मूंदकर कर सकता है हम पर 100% भरोसा

Follow Us

वाशिंगटन। भारत-अमेरिका के रिश्तों में आज एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की। अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान, ट्रंप ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के फोन पर लाइव आकर वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी मौजूद थे। ट्रंप ने बेहद गर्मजोशी से कहा, “मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा फैन हूँ, वे एक महान इंसान और मेरे सच्चे दोस्त हैं। भारत और अमेरिका जितने करीब आज हैं, इतिहास में पहले कभी नहीं रहे।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने वैश्विक मंच से भारत को सुरक्षा और सहयोग की सौ फीसदी गारंटी देते हुए कहा, “भारत मुझ पर और हमारे देश पर आँख मूंदकर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी भी किसी भी मदद की जरूरत पड़े, तो उन्हें पता है कि कहाँ फोन करना है—वे सीधे यहीं फोन करेंगे।” इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो को अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री करार दिया।

विशेषज्ञ ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका के बीच होने वाली आगामी बड़ी ‘ट्रेड डील’ से जोड़कर देख रहे हैं। हाल ही में अमेरिका ने भारत पर लगे कुछ टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया था, और रूबियो के इस दौरे से दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और निवेश के रास्ते और आसान होने की उम्मीद है। यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने मोदी की तारीफ की है; इससे पहले 2019 के ‘हाउडी मोदी’ और 2020 के ‘नमस्ते ट्रंप’ इवेंट में भी दोनों नेताओं की यह अटूट केमिस्ट्री पूरी दुनिया देख चुकी है।