रायपुर। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। सेना भर्ती कार्यालय ने वर्ष 2027 की विभिन्न श्रेणियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह ऑनलाइन परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून तक चलेगी, जिसे दो चरणों (1 से 5 जून और 8 से 12 जून) में पूरा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार राज्य के 5 प्रमुख शहरों- रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां रोजाना 3 से 4 पालियों (शिफ्टों) में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड पर लिखे निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। किसी भी तरह की पूछताछ के लिए नया रायपुर स्थित कार्यालय के हेल्पलाइन नंबरों— 0771-2965212 या +91-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है। सेना ने युवाओं को आश्वस्त किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट पर आधारित है, इसलिए वे दलालों और अफवाहों से सावधान रहें।
