जगदलपुर। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमार मरेंगा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक मालगाड़ी की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सरगीपाल जुनापारा निवासी नीलकंठ बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जिसका इलाज भी चल रहा था।
रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह भी नीलकंठ बिना किसी को कुछ बताए घर से बाहर निकल गया था। घूमते-घूमते वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, तभी वहां से एक तेज रफ्तार मालगाड़ी गुजर रही थी। पटरी पर युवक को देखकर मालगाड़ी के लोको पायलट (चालक) ने उसे हटाने के लिए लगातार हॉर्न बजाया और आवाज भी लगाई, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण युवक ट्रैक से नहीं हटा। चालक ने युवक को बचाने के लिए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक भी लगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल परपा थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
