राहुल गांधी के बयान पर सांसद संतोष पांडेय का बड़ा हमला: कहा- ‘पीएम मोदी पर ऐसी टिप्पणी कोई मानसिक रोगी ही कर सकता है’

Follow Us

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर देश भर में सियासी पारा गरमाया हुआ है। इस बीच, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए उनके बयान को बेहद अभद्र और निंदनीय करार दिया है। सांसद पांडेय ने कहा कि देश के सर्वमान्य नेता के खिलाफ ऐसी अपमानजनक टिप्पणी कोई मानसिक रोगी ही कर सकता है।

सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी के पुराने बयानों को आड़े हाथों लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने बस्तर में नक्सलियों के शुभचिंतक और सलवा जुडुम का विरोध करने वाले बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। यही नहीं, इंडिया गेट पर नक्सली कमांडर हिड़मा के समर्थन में हुए प्रदर्शन की तस्वीरों को राहुल गांधी ने खुद सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट किया था।

भाजपा सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि सेना की एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर शक जताने वाले राहुल गांधी किस मुंह से प्रधानमंत्री पर उंगली उठा रहे हैं? उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया है, ऐसे में उनके खिलाफ की गई यह ओछी टिप्पणी पूरी तरह अनुचित है और इससे कांग्रेस की असल मानसिकता उजागर होती है।