सीएम साय के सामने विधायक पर टिप्पणी करना भाजपा नेता को पड़ा भारी, पार्टी ने थमाया नोटिस

Follow Us

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने विधायक को लेकर की गई टिप्पणी भाजपा नेता को भारी पड़ गई। भाजपा जिला संगठन ने मामले को गंभीर मानते हुए भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दरअसल, ग्राम कुशहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मनोज साहू ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि, संबंधित विधायक का सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं होता।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दिए गए इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। बाद में मीडिया ने जब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सवाल किया तो उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि, इसका संबंध सुशासन तिहार से नहीं है। इसके बाद भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने मनोज साहू को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है। मामले को लेकर स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।