कांग्रेस में बदलाव की अटकलों के बीच दीपक बैज का बड़ा बयान, बोले – टीएस बाबा दिल्ली जाएं, युवाओं को मिले मौका

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। उन्होंने वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव को दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह देते हुए कहा कि, अब प्रदेश में युवाओं को आगे आने का अवसर मिलना चाहिए। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक बैज ने कहा कि, टीएस सिंहदेव की दिल्ली में मजबूत पकड़ और अनुभव का फायदा पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिल सकता है। वहीं प्रदेश में नई पीढ़ी के नेताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।

इस दौरान बैज ने राज्य सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, भीषण गर्मी के बीच प्रदेशभर में घंटों बिजली कटौती हो रही है और गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए इसे जनता के साथ विश्वासघात बताया। स्मार्ट मीटर योजना का विरोध करते हुए बैज ने कहा कि, कांग्रेस इसके खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। मंत्रिमंडल विस्तार और बदलाव की चर्चाओं पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, सरकार के मंत्री जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि, आने वाले समय में जनता खुद सरकार बदलने का मन बना चुकी है।