कवर्धा/कांकेर। छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाले सड़क हादसों की खबर सामने आई है, जहां तेंदूपत्ता का परिवहन कर रहे दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। इन दर्दनाक हादसों में कवर्धा और कांकेर जिलों में लाखों रुपये का तेंदूपत्ता और दोनों ही ट्रक जलकर पूरी तरह राख हो गए हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि, दोनों घटनाओं में समय रहते सूझबूझ दिखाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पहली घटना कवर्धा जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार को नगर पंचायत बोड़ला के दैहान के पास तेंदूपत्ता से लदा एक आईसर ट्रक गुजर रहा था। तभी गाड़ी ऊपर से जा रहे हाई वोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आ गई। तार टकराते ही जोरदार स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। यह ट्रक भोंदा कला से माल लोड करके बोड़ला गोदाम की ओर जा रहा था। आग की लपटें उठती देख ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर ने चलती गाड़ी से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
वहीं, दूसरी आगजनी कांकेर जिले में हुई। यहां सोनपुर समिति का तेंदूपत्ता लोड करके एक ट्रक कोयलीबेड़ा के रास्ते नारायणपुर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक में अचानक भयानक आग लग गई। सूखी पत्तियां होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी इसे नियंत्रित करने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते लाखों का माल खाक हो गया। दोनों ही घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
